धान खरीदी की तैयारियों का पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लिया जायजा, किसानों की सुविधा और पारदर्शिता पर दिया जोर

कवर्धा।
प्रदेश में आगामी 15 नवम्बर से शुरू होने वाली धान खरीदी को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी क्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियाँ तय समय सीमा में पूर्ण की जाएं तथा प्रत्येक केंद्र में सुविधाएँ सुनिश्चित हों।

उन्होंने पंजीकृत किसानों की संख्या, पंजीकृत रकबा और खरीदी के लक्ष्यों की जानकारी ली और कहा कि किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।
भावना बोहरा ने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल, छाया के लिए शेड, त्रिपाल, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान की नमी की जांच अनिवार्य रूप से की जाए और तौल इलेक्ट्रॉनिक मशीन से ही हो, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कोचियों एवं अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
विधायक बोहरा ने बताया कि इस वर्ष राज्य सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3169 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 69 रुपये अधिक है। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए अब ‘तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन जारी किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें सोसायटी में लाइन लगाने की आवश्यकता न पड़े और खरीदी प्रक्रिया सुगम रहे।

बैठक में जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा सिंह, उपाध्यक्ष श्री अशोक पटेल, जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





