कबीरधाम में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की समीक्षा, सभी 6 इंडिकेटर शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश
कवर्धा, 18 फरवरी 2026।

जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम ने समय-सीमा की बैठक में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान सभी 6 निर्धारित इंडिकेटर को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने विभागों को तय क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने को कहा।
सीईओ ने मैदानी अमले के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि लक्ष्य पूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पशुपालन विभाग को कार्य में गति लाने और निर्धारित समय में परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आकांक्षी बोड़ला विकासखंड के लिए निर्धारित प्रमुख लक्ष्य
बोड़ला विकासखंड में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष फोकस रखा गया है—
- स्वास्थ्य एवं पोषण: 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को आईसीडीएस के अंतर्गत नियमित पूरक पोषण उपलब्ध कराना।
- आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण: केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, बच्चों का नियमित वजन और स्वास्थ्य परीक्षण।
- स्वच्छता सुविधा: सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत शौचालय व्यवस्था।
- स्वच्छ पेयजल: आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल की पूर्ण उपलब्धता।
- शिक्षा: स्कूलों में छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा सुनिश्चित करना।
- कृषि एवं पशुपालन: एफएमडी टीकाकरण के तहत पशुओं का प्रतिशत बढ़ाना।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित गैप्स को तत्काल भरते हुए प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जिला पंचायत में प्रस्तुत करें। संबंधित विभागों के जिलाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।




