ChhattisgarhKawardhaकबीरधामछत्तीसगढ़नौकरीबेमेतरारायपुरलोहारा

अभिषेक अग्रवाल ने जिला पंचायत कबीरधाम के सीईओ का पदभार संभाला

 अभिषेक अग्रवाल ने जिला पंचायत कबीरधाम के सीईओ का पदभार संभाला

IMG 20260223 WA0023

जिला पंचायत कबीरधाम के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने आज विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने भोरमदेव मंदिर पहुंचकर बाबा भोरमदेव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

IMG 20260223 WA0022

पदभार ग्रहण उपरांत उन्होंने गोपाल वर्मा से सौजन्य भेंट कर जिले के विकास कार्यों एवं प्राथमिकताओं पर चर्चा की। इसके पश्चात जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय योजनाओं की संक्षिप्त समीक्षा की।

नवनियुक्त सीईओ श्री अग्रवाल ने कहा कि माननीय उप मुख्यमंत्री, राज्य शासन एवं कलेक्टर कबीरधाम के मार्गदर्शन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी कार्य प्रणाली के माध्यम से जिले को समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

उन्होंने विशेष रूप से रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन तथा ग्रामीण परिवारों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय पर बल दिया।

प्रशासनिक अनुभव

श्री अभिषेक अग्रवाल राज्य प्रशासनिक सेवा वर्ष 2013 बैच के अधिकारी हैं तथा उनका मूल पद अपर कलेक्टर है। इससे पूर्व वे विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं, जिनमें डिप्टी कलेक्टर जिला महासमुंद, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिथौरा, सरायपाली, कटघोरा, बोड़ला, अपर कलेक्टर जिला दंतेवाड़ा, अपर आयुक्त नगर निगम रायपुर, उप सचिव गृह विभाग एवं अपर कलेक्टर जिला दुर्ग शामिल हैं।

वर्तमान में वे जिला पंचायत कबीरधाम में सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही वे शीघ्र ही भारतीय प्रशासनिक सेवा संवर्ग में पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page