KawardhaChhattisgarhकबीरधामछत्तीसगढ़पंडरियाबेमेतरामध्यप्रदेशमनोरंजनरायपुरलोहारा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम में रेंज के पहले साइबर थाने का किया शुभारंभ

डिजिटल सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल

📰 डिजिटल सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल

IMG 20260105 WA0001

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम में रेंज के पहले साइबर थाने का किया शुभारंभ

कवर्धा | 04 जनवरी 2026

कबीरधाम जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने रविवार को राजनांदगांव रेंज एवं कबीरधाम जिले के पहले साइबर थाने का विधिवत शुभारंभ किया। यह साइबर थाना कवर्धा स्थित पुरानी पुलिस लाइन परिसर में स्थापित किया गया है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि आज का युग डिजिटल युग है, जहां शासन, व्यापार और आम नागरिकों का जीवन तेजी से ऑनलाइन माध्यमों पर निर्भर होता जा रहा है। डिजिटल सुविधाओं के साथ-साथ साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं, जिससे आम नागरिक, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और युवा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में साइबर थाना आम जनता को त्वरित न्याय, सुरक्षा और भरोसा देने का सशक्त माध्यम बनेगा।

साइबर अपराधों में समय सबसे अहम : विजय शर्मा

IMG 20260105 WA0002

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि साइबर अपराधों में समय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शुरुआती घंटों में यदि सही और त्वरित कार्रवाई हो जाए, तो ठगी की राशि को रोका जा सकता है और अपराधियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जा सकती है।

साइबर थाना के माध्यम से अब

ऑनलाइन ठगी की शिकायतों का तत्काल पंजीकरण

फ्रॉड की राशि को समय रहते होल्ड करना

डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन

अपराधियों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई

संभव हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि यह साइबर थाना केवल अपराध नियंत्रण का केंद्र ही नहीं बनेगा, बल्कि नागरिकों में डिजिटल जागरूकता और विश्वास को भी मजबूत करेगा।

30 प्रशिक्षित अधिकारी तैनात, डीएसपी स्तर पर निगरानी

IMG 20260105 WA0003

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि साइबर थाना में निरीक्षक प्रभारी सहित कुल 30 प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। थाना की कार्यप्रणाली की प्रभावी निगरानी के लिए उप पुलिस अधीक्षक स्तर के राजपत्रित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे साइबर अपराधों की विवेचना उच्च गुणवत्ता और पेशेवर तरीके से की जा सके।

112 मामलों में 50 लाख की राशि वापस, 872 मोबाइल बरामद

पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद साइबर तकनीक के माध्यम से 112 ऑनलाइन ठगी मामलों में लगभग 50 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए हैं।

इसके साथ ही सीईआईआर पोर्टल की सहायता से 872 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को लौटाए गए हैं, जो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि गंभीर अपराधों की विवेचना में कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों का उपयोग कर आरोपियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जा रही है। महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों में विशेष संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी श्री आशीष शुक्ला, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री महेश प्रधान, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक श्री योगेश कश्यप सहित अनेक पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page