पंडरिया में विकास, उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विधायक भावना बोहरा ने ₹19.94 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
कवर्धा/पंडरिया।
पंडरिया विधानसभा के विकास इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने ₹19 करोड़ 94 लाख 75 हजार रुपये से अधिक के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जनता को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लगभग 10 हजार से अधिक नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को जनआस्था का महाकुंभ बना दिया।
पंडरिया-पांडातराई-इंदौरी को करोड़ों की सौगात
समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विधायक भावना बोहरा की अनुशंसा पर
नगर पालिका पंडरिया को ₹2 करोड़,
नगर पंचायत पांडातराई को ₹1 करोड़,
नगर पंचायत इंदौरी को ₹1 करोड़
की अतिरिक्त सौगात की घोषणा की। उन्होंने अन्य जनहित मांगों को भी शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।
“भावना बोहरा के प्रयासों से पंडरिया लिख रहा विकास की नई इबारत” – अरुण साव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि विधायक भावना बोहरा ने जनसेवा को अपना संकल्प बनाया है। उनके सतत प्रयासों से पंडरिया विधानसभा विकास के नए अध्याय लिख रही है।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा हेतु 8 निःशुल्क बस सेवा, आपातकालीन सेवाओं के लिए 8 निःशुल्क एंबुलेंस, गांव-गांव स्वास्थ्य सुविधा के लिए मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर जैसी योजनाओं ने भावना बोहरा को जनता के बीच “एंबुलेंस वाली दीदी” के नाम से पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
“19 करोड़ से अधिक के कार्य जनता को समर्पित” – भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा का अवसर उनके लिए सौभाग्य है।
उन्होंने कहा, “आज 19 करोड़ से अधिक के विकास कार्य मैं अपने परिवारजनों यानी पंडरिया की जनता को समर्पित कर रही हूं। मेरा संकल्प है कि हर गांव, हर बस्ती और वनांचल क्षेत्र तक विकास की रोशनी पहुंचे।”
उन्होंने बताया कि इन कार्यों में सड़क निर्माण, पेयजल योजनाएं, नगर अधोसंरचना, नगरपालिका भवन, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, नवीन तहसील भवन सहित कई जनोपयोगी परियोजनाएं शामिल हैं, जिनसे रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
₹13.89 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई अंतर्गत ₹13 करोड़ 89 लाख 33 हजार के कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से—
पंडरिया में ₹3.85 करोड़ से नगर पालिका भवन सह व्यावसायिक परिसर
₹1.91 करोड़ से मिनी स्टेडियम
₹73.80 लाख से एसएलआरएम सेंटर
₹20 लाख से ध्वजा चौक
पांडातराई में ₹2.79 करोड़ के 52 विकास कार्य
अमनिया से डालामौहा तक ₹59.66 लाख का रपटा निर्माण शामिल है।
₹6.05 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम में ₹6 करोड़ 5 लाख 42 हजार के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया, जिनमें—
जल जीवन मिशन अंतर्गत ₹4.61 करोड़ के नल-जल प्रदाय कार्य
पांडातराई में ₹71 लाख से नवीन तहसील भवन
पंडरिया में चौपाटी, भारत माता चौक, शिवाजी पुष्प वाटिका, रजत जयंती चौक शामिल हैं।
जनप्रतिनिधियों ने बताया ऐतिहासिक कार्यक्रम
पूर्व विधायक अशोक साहू ने इसे ऐतिहासिक कार्यक्रम बताते हुए भाजपा सरकार की विकास प्रतिबद्धता की सराहना की। नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे ने कहा कि डबल इंजन सरकार में पंडरिया निरंतर प्रगति कर रहा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, जनपद व नगर निकाय अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







