अटल स्मृति सम्मेलन में भावनात्मक श्रद्धांजलि, अटल जी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प

भावना बोहरा बोलीं – राजनीति सत्ता नहीं, राष्ट्र सेवा की साधना है

कुण्डा (पंडरिया)।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत यज्ञ स्थल, कुण्डा में भव्य विधानसभा स्तरीय अटल समिति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में अटल जी के विचारों, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी एवं जिला संगठन प्रभारी श्री महेश वर्मा द्वारा स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
छत्तीसगढ़ निर्माण अटल जी की दूरदर्शिता का जीवंत उदाहरण : संतोष पाण्डेय
राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता थे। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा की नींव मजबूत की और लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका को नई गरिमा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन अटल जी का ऐतिहासिक निर्णय था, जिसने यहां के लोगों को अपनी पहचान और विकास का अधिकार दिया। आज प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है, यह अटल जी की दूरदृष्टि का परिणाम है।
अटल जी राजनीति के नहीं, राष्ट्र निर्माण के प्रतीक : भावना बोहरा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन भारतीय राजनीति के लिए आदर्श है।
उन्होंने कहा—
“अटल जी ने सिखाया कि राजनीति सत्ता का नहीं, साधना का मार्ग है। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है।”
भावना बोहरा ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण, लाहौर बस यात्रा, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त बनाया। अटल जी का नेतृत्व संयम, संवाद और समन्वय का प्रतीक रहा।
मोदी जी अटल जी के सपनों का भारत बना रहे : बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अटल जी के संकल्पों को साकार कर रहा है।
कश्मीर में तिरंगे का सम्मान, श्रीराम जन्मभूमि में भव्य मंदिर निर्माण और वैश्विक महाशक्ति की ओर बढ़ता भारत अटल जी की दूरदृष्टि का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और अधिकार की पहचान था।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य ने विकास के कीर्तिमान स्थापित किए और वर्तमान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और उम्मीद के साथ आगे बढ़ रहा है।
अटल विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला संगठन प्रभारी श्री महेश वर्मा एवं मुंगेली के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री शैलेश पाठक ने भी अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में पंडरिया विधानसभा के समस्त भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी की विचारधारा को आत्मसात कर उसे आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





