गर्मी में पेयजल संकट ना हो, नगर पालिका अध्यक्ष ने की तैयारी की समीक्षा

ग्रीष्म ऋतु से पहले जल प्रदाय व्यवस्था दुरुस्त करने दिए निर्देश, शुद्ध पानी आपूर्ति पर विशेष जोर
कवर्धा:
आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए शहर में पेयजल की समस्या उत्पन्न ना हो, इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने जल प्रदाय विभाग की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के दौरान नागरिकों को दोनों समय शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जल सप्लाई व्यवस्था, फिल्टर प्लांट की स्थिति और चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त कर ली जाएं ताकि किसी भी वार्ड से शिकायत न आए।
उन्होंने पंप ऑपरेटरों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिना अनुमति के अवकाश पर न जाएं और समयानुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही वार्ड के नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया, जिससे पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शुद्ध पेयजल आपूर्ति पहली प्राथमिकता
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए फिल्टर प्लांट में एलम, ब्लीचिंग पाउडर सहित अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल में पानी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में अधिक होती है, ऐसे में निरंतर और सुचारू जल आपूर्ति बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।
बैठक में जल प्रदाय विभाग के प्रभारी सभापति दुर्गेश अवस्थी, उप अभियंता शिवकुमार गर्ग और फिल्ड प्रभारी अशोक पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





