प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम पंचायत धरमपुरा में हितग्राहियों को सौंपी गई पक्के आवास की चाबियां

पंचायत मंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से गरीबों को मिल रहा पक्का आवास : डॉ. वीरेन्द्र साहू
कवर्धा।
ग्राम पंचायत धरमपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को पक्के आवास की चाबियां सौंपी गईं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति डॉ. वीरेन्द्र साहू ने हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबियां प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। पक्का घर मिलने से हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेन्द्र साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से गरीब एवं वंचित परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना सामाजिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. साहू ने पंचायत मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों, संवेदनशील नेतृत्व एवं मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति के चलते गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा पंचायत मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और संकल्प से प्रधानमंत्री आवास योजना सफलतापूर्वक धरातल पर उतर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, हितग्राही एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







