विश्व शौचालय दिवस पर वनांचल ग्राम कोयलारझोरी की बालिकाओं को मिली नए शौचालय की सौगात, जिले के 334 स्कूलों में होगा निर्माण
कवर्धा | 19 नवंबर 2026
कवर्धा। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत वनांचल ग्राम कोयलारझोरी में स्कूली बालिकाओं को सर्वसुविधायुक्त नए बालिका शौचालय की सौगात मिली। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘मेरी बेटी मेरा अभिमान’ के अंतर्गत निर्मित शौचालय का लोकार्पण स्कूली बालिकाओं ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मेरावी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, शिक्षक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
334 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कबीरधाम जिले के 334 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 14 करोड़ 34 लाख 58 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक शौचालय की लागत 4.30 लाख रुपये निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि इन शौचालयों के निर्माण से बालिकाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिलेगा। इससे उनकी गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ विद्यालयों में उपस्थिति को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार
शौचालय निर्माण कार्य से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार भी मिल रहा है। प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी भुगतान मिलने से ग्रामीणों में खुशी है। वहीं कोयलारझोरी की छात्राओं ने नए शौचालय की सुविधा मिलने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इससे उन्हें विद्यालय में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
रिपोर्टर – KHILESHWAR SINHA
KT CHHATTISGARH NEWS
संपर्क – 8889540664




