कबीरधामछत्तीसगढ़

कबीरधाम में डकैती का 48 घंटे में खुलासा, 11.9 किलो चांदी के जेवरात के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम में डकैती का 48 घंटे में खुलासा, 11.9 किलो चांदी के जेवरात के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

तरेगांव जंगल क्षेत्र में सराफा कारोबारी से हुई थी लूटपाट, 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई

IMG 20261031 WA0046

कवर्धा। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में डकैती की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

IMG 20261031 WA0049

मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास दिया था वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की घटना हुई थी। आरोपियों ने मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की तथा उनके पास रखे सामान और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना पर थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 126(2), 115(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

IMG 20261031 WA0039

100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, 24 गांवों में पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध मोटरसाइकिल के आवागमन और उसके रास्ते से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद अलग-अलग टीमें आरोपियों की पतासाजी में जुट गईं।

बिरकोना के पास पकड़ा गया पहला आरोपी

पुलिस को मुखबिर से निखिल कुर्रे और संजय भास्कर के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद थाना पंडरिया सहित अन्य पुलिस टीमों ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को देखकर निखिल कुर्रे मोटरसाइकिल से भागने लगा, जिसे पीछा कर ग्राम बिरकोना के पास पकड़ा गया।

पूछताछ और उससे मिली जानकारी के आधार पर संजय भास्कर एवं सचिन पात्रे को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे आरोपी

पुलिस की पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार, 27 अक्टूबर को आरोपी पंडरिया स्थित देशी शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए थे। इसके बाद वे दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे और बाजार में रहकर प्रार्थी की गतिविधियों तथा आवागमन पर नजर रखने लगे।

पुलिस के मुताबिक, मौका मिलते ही आरोपियों ने प्रार्थी का पीछा किया और घाटी के पास रास्ता रोककर मारपीट करते हुए जेवरात लूट लिए। घटना के बाद आरोपी लूटे गए सामान को लेकर मुंगेली पहुंचे और बाद में चांदी के जेवरात को आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था।

तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर, दो अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है—

  1. निखिल कुर्रे
  2. संजय भास्कर
  3. सचिन पात्रे

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में संलिप्त बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में कबीरधाम पुलिस के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।

सराफा व्यापारियों से पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने सराफा व्यापारियों और स्वर्णकारों से प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित जांच करने और कीमती जेवरात व नकदी को सुरक्षित लॉकर में रखने की अपील की है। पुलिस ने जेवरात और बड़ी रकम का परिवहन करते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर देने की सलाह दी है।

रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page