कबीरधाम में जी राम जी योजना ने पकड़ी रफ्तार, 41,945 ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार

जिले की 442 ग्राम पंचायतों में 977 कार्य प्रगतिरत, प्रतिदिन ₹300 मजदूरी भुगतान का दावा
कवर्धा, कबीरधाम जिले में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (जी राम जी योजना) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले की 442 ग्राम पंचायतों में 977 कार्य प्रगति पर हैं, जिनसे 41,945 ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिला पंचायत द्वारा ग्रामीणों की मांग के आधार पर श्रम मूलक कार्य शुरू कराए गए हैं। इन कार्यों से ग्रामीणों को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।

तालाब निर्माण से लेकर आजीविका डबरी तक के कार्य
योजना के अंतर्गत नए तालाबों का निर्माण, पुराने तालाबों का गहरीकरण, डबरी एवं आजीविका डबरी निर्माण, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम शेड और कच्ची नाली निर्माण जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य जल संरक्षण, जल संचय और गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।
इसके साथ ही आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निजी डबरी और पशु शेड निर्माण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों को आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने में मदद मिल सके।
अब तक 3.68 लाख से अधिक मानव दिवस का रोजगार
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि योजना के प्रारंभ होने की तिथि 1 जुलाई 2026 से अब तक ग्रामीणों को कुल 3,68,753 मानव दिवस का रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कार्य करने वाले श्रमिकों को प्रतिदिन ₹300 मजदूरी भुगतान किया जा रहा है।
वर्तमान में जिले की 442 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य जारी हैं। कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए एनएमएमएस के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन आधारित हाजिरी व्यवस्था अपनाई जा रही है
कार्यों में तेजी लाने मैदानी कर्मचारियों को निर्देश
जिला प्रशासन के अनुसार, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने हाल ही में मैदानी कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बाद मैदानी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर कार्य प्रारंभ कराने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में जुटे हैं।
ग्रामीणों से रोजगार की मांग करने की अपील
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने गांव में रोजगार की आवश्यकता होने पर संबंधित ग्राम पंचायत में मांग प्रस्तुत करें और योजना का लाभ उठाएं। योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और आजीविका के साधनों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664




