दशरंगपुर में युवक से मारपीट कर बाइक-मोबाइल लूटने का आरोपी गिरफ्तार, 70 हजार की संपत्ति बरामद

गौधाम के पास हुई थी वारदात, पुलिस ने डिस्कवर मोटरसाइकिल और वीवो मोबाइल किया जब्त
कबीरधाम। जिले के दशरंगपुर में युवक से मारपीट कर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई डिस्कवर मोटरसाइकिल और वीवो मोबाइल फोन, कुल करीब 70 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गौधाम के पास हुई थी लूट की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनेश वर्मा निवासी ग्राम भीमपुरी, जिला बेमेतरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर 2026 की रात दशरंगपुर स्थित गौधाम के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसकी डिस्कवर मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है।
साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरफ्तारी
मामले में चौकी दशरंगपुर, थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ग्राम दशरंगपुर निवासी धर्मेन्द्र निषाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन गवाहों के समक्ष जब्त किए गए। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन में चौकी दशरंगपुर पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664




