कबीरधामछत्तीसगढ़पंडरिया

पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ का दिखा उत्साह, विधायक भावना बोहरा के साथ 500 से अधिक युवाओं ने लगाई दौड़

पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ का दिखा उत्साह, विधायक भावना बोहरा के साथ 500 से अधिक युवाओं ने लगाई दौड़

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मिनी मैराथन का आयोजन, महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को किया गया सम्मानित

IMG 20261031 WA0010

पंडरिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पंडरिया महाविद्यालय से पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान तक आयोजित मिनी मैराथन को विधायक भावना बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

IMG 20261031 WA0007

विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

मिनी मैराथन में महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विधायक भावना बोहरा ने स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान से परिचित कराना और उनके आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा: भावना बोहरा

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का योगदान आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

IMG 20261031 WA0009

युवाओं में राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश

भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के योगदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। गुजरात में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति देश की कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। भाषा, क्षेत्र और संस्कृति अलग-अलग होने के बावजूद हम सभी भारतीय हैं। युवाओं को स्वस्थ शरीर, सकारात्मक विचार और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। युवा ही किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा और भविष्य के आधार होते हैं।

पंडरिया ने दिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

विधायक भावना बोहरा ने कार्यक्रम में शामिल युवाओं, नागरिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस मिनी मैराथन के माध्यम से पंडरिया ने एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पालिका पंडरिया की अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, नगर पंचायत पांडातराई की अध्यक्ष सरिता सोनी, मंडल अध्यक्ष पंडरिया रविश ठाकुर, चंद्रकुमार सोनी, हरीश जैन, अंजू शर्मा, समस्त पार्षद एवं एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page