सोशल मीडिया पर अशोभनीय टिप्पणी और भड़काऊ पोस्ट करने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

कवर्धा, 17 नवम्बर 2025।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी और अशोभनीय पोस्ट करने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। मामला थाना लोहारा क्षेत्र का है।
ग्राम भिभौरी निवासी एक महिला ने थाना लोहारा में आवेदन दिया था, जिसमें बताया गया कि मोबाइल नंबर 7058432636 धारक ने उनकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड प्राप्त कर सतनामी समाज के विरुद्ध भड़काऊ टिप्पणी की तथा उनके फोटो पर अश्लील शब्द लिखकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/25 पर धारा 296, 299, 352 बीएनएस एवं 65 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम ने आरोपी सागर बारा पात्रे (35 वर्ष), निवासी लकड़गंज, नागपुर को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
आरोपी को विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय कवर्धा में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई आशीष सिंह और प्रधान आरक्षक 381 शमशेर अली का विशेष योगदान रहा।





