उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की दूरदर्शिता से युवाओं को मिला केपीएल का नया मंच : डॉ. वीरेंद्र साहू

ग्राम सूरजपुरा जंगल में कवर्धा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ
कवर्धा।
कवर्धा प्रीमियर लीग (केपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता के मंडल लोहारा का शुभारंभ रविवार को ग्राम सूरजपुरा जंगल स्थित मिनी स्टेडियम में भव्य रूप से किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत कवर्धा के सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत प्रतियोगिता का उद्घाटन कर प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेंद्र साहू ने कहा कि इस रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत हर्ष और गौरव की अनुभूति हो रही है। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त साधन है।
उन्होंने कहा कि कवर्धा विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में खेलों को नई दिशा और नई पहचान मिल रही है। उनके निरंतर प्रयासों से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, संसाधन और मंच उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
डॉ. साहू ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का यह विश्वास कि स्वस्थ युवा ही सशक्त प्रदेश की नींव होते हैं, आज ज़मीन पर साकार होता दिखाई दे रहा है। खेल अधोसंरचना का विकास, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और खेल भावना का विस्तार उनकी दूरदर्शी सोच का प्रत्यक्ष परिणाम है। बीते दो वर्षों में जिले के गांव-गांव में बड़ी संख्या में मिनी स्टेडियमों का निर्माण उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से कराया गया है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने केपीएल प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भाजपा लाला साहू, विधायक प्रतिनिधि भुखन साहू, परदेशी पटेल, संतोष तिवारी, दशरथ साहू, योगेश साहू, जलेश्वर वर्मा, अघन साहू, पुरुषोत्तम साहू, जनपद सदस्य रामगोपाल नेताम, चैनसिंह साहू, टीकेश्वर साहू, जीतू पाली सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





