📰 रोजगार सह आवास दिवस: जल संरक्षण और आजीविका पर फोकस, 90 दिनों में आवास पूर्ण करने की रणनीति

📍 कवर्धा | 07 अप्रैल 2026
कबीरधाम जिले के सभी 471 ग्राम पंचायतों में आज रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन चावल महोत्सव के साथ किया गया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और जनमन आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को आगामी 90 दिनों में पूर्ण करने की रणनीति बनाई गई।
कार्यक्रम में हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी दी गई, साथ ही निर्माण सामग्री की आपूर्ति और अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी चर्चा की गई।
मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और मांग आधारित नए कार्य प्रारंभ करने को लेकर भी ग्रामीणों के साथ विचार-विमर्श किया गया। हर माह आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया, क्योंकि इससे उन्हें योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान गांव में ही मिल जाता है।

💧 जल संरक्षण को लेकर विशेष पहल
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि इस अवसर पर जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। “मोर गांव-मोर पानी, मोर तरिया” अभियान के तहत नवा तरिया (नए तालाब) निर्माण के लिए स्थलों का चयन कर ग्रामीणों के साथ निरीक्षण किया गया।
उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन के लिए जिले में व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आजीविका डबरी निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है।
🏡 घर-घर तक पहुंच रही योजनाओं की जानकारी
जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रोजगार सह आवास दिवस ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। इस दौरान ग्रामीण सामूहिक रूप से गांव के विकास पर चर्चा कर निर्णय लेते हैं।
उन्होंने बताया कि:
मनरेगा कार्यों की जानकारी के लिए QR कोड उपयोग की विधि समझाई गई
जल संरक्षण में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया
प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को सोक पिट निर्माण के लिए प्रेरित किया गया
आजीविका डबरी के माध्यम से रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई





