गुरु घासीदास बाबा जी सामाजिक चेतना और समता की अलख जगाने वाले युगद्रष्टा थे : भावना बोहरा
पंडरिया।

परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी सामाजिक चेतना, समानता और समरसता के महान युगद्रष्टा थे। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखा रहे हैं। यह बात पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कही।
विधायक भावना बोहरा के ग्राम रणवीरपुर स्थित निज निवास एवं विधायक कार्यालय में सतनाम समाज के धर्मगुरु एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधि मंडल, रणवीरपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात गुरु खुशवंत साहेब जी एवं विधायक भावना बोहरा ग्राम गौरमाटी, डोंगरिया खुर्द, कुआँमालगी एवं बीजाभाटा में आयोजित गुरु प्रकाश पर्व एवं गुरु घासीदास बाबा जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान जैतखाम एवं गुरु गद्दी की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ प्रदेश की समृद्धि एवं प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा कि परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के विचार आज भी समरस समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने “मनखे-मनखे एक समान” का जो संदेश दिया, वह समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। बाबा जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु घासीदास बाबा जी एक महान संत और सामाजिक समरसता के अग्रदूत थे। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के पूरे समाज को समानता का संदेश दिया। “मनखे-मनखे एक समान” का विचार सामाजिक एकता और मानव मूल्यों की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार गुरु घासीदास बाबा जी के विचारों एवं सतनाम समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पंडरिया विधानसभा में भी बाबा जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर हर वर्ग और समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भावना बोहरा ने आगे बताया कि छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा जी के आदर्शों को आत्मसात कर समाज निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
अंत में विधायक भावना बोहरा ने सतनाम समाज के सदस्यों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए गुरु प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और पंडरिया विधानसभा को समृद्ध, सशक्त एवं विकसित बनाने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सतनाम समाज के प्रतिनिधि मंडल, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





