कबीरधामछत्तीसगढ़

धरमपुरा और बिरकोना को ₹78.51 लाख की सड़क-नाली निर्माण की सौगात, विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

धरमपुरा और बिरकोना को ₹78.51 लाख की सड़क-नाली निर्माण की सौगात, विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत दोनों गांवों में शुरू हुआ निर्माण कार्य, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन और जल निकासी की सुविधा

IMG 20261013 WA0021

कवर्धा, 12 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ग्राम धरमपुरा और बिरकोना को ₹78.51 लाख के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के अंतर्गत दोनों गांवों में सीसी सड़क सह नाली निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। खास बात यह रही कि भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिए गए।

इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, सड़क के साथ नाली निर्माण होने से गांवों में जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

IMG 20261013 WA0022

धरमपुरा में ₹49.74 लाख, बिरकोना में ₹28.77 लाख के कार्य

मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत ग्राम धरमपुरा में मानिकचैरी मेन रोड से धान खरीदी केंद्र एवं गौठान तक 49.74 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर लंबाई में सीसी सड़क सह नाली का निर्माण किया जाएगा।

इसी तरह ग्राम बिरकोना में 28.77 लाख रुपये की लागत से 250 मीटर लंबाई में सीसी सड़क सह नाली निर्माण कराया जाएगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

गांवों में विकास कार्यों पर जोर

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम बिरकोना में 1 करोड़ 2 लाख 96 हजार रुपये तथा ग्राम धरमपुरा में 1 करोड़ 24 लाख 7 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। दोनों गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी सैकड़ों आवासों का निर्माण किया गया है।

85 स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग की पहल

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 85 स्कूलों में स्क्रीन के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग, पढ़ाई और करियर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इनमें से अब तक 50 स्कूलों में स्क्रीन लगाई जा चुकी हैं, जबकि शेष 35 स्कूलों में भी स्क्रीन लगाने की योजना है। क्षेत्र के सभी 8 छात्रावासों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।

इसके लिए ऑनलाइन शिक्षा संस्थान फिजिक्स वाला के माध्यम से कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को बताया महत्वपूर्ण

कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि धरमपुरा और बिरकोना जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं की सहभागिता को भी सराहनीय बताया। इस अवसर पर पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

भूमिपूजन कार्यक्रम का विडियो देखें ख़बर

https://youtu.be/4foK6eAZCIY

भूमिपूजन के साथ शुरू हुआ काम

धरमपुरा और बिरकोना में सड़क सह नाली निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इन कार्यों का उद्देश्य गांवों में आवागमन सुगम बनाना, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करना और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करना है।

KT CHHATTISGARH NEWS
खिलेश्वर सिन्हा | 8889540664

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page