तिरंगे और धर्म ध्वजा के साथ आगे बढ़ी भावना बोहरा की कांवड़ यात्रा, राष्ट्रभक्ति और सनातन आस्था का दिखा संगम

कबीरधाम। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा और 600 कांवड़ियों की 151 किमी कांवड़ पदयात्रा में राष्ट्रभक्ति और सनातन आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक जारी यात्रा के छठवें दिन विधायक भावना बोहरा ने डोंगरिया स्थित शासकीय विद्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर कांवड़ियों के साथ बोड़ला के लिए पदयात्रा शुरू की।

कांवड़ियों के हाथों में तिरंगा और भगवा धर्म ध्वजा नजर आई। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर क्षेत्रवासियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक एवं हिंदू संगठनों ने पुष्पवर्षा तथा बाजे-गाजे के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।

कठिन जंगलों, पहाड़ों, नदियों और बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह बरकरार है। ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ यात्रा बोड़ला पहुंची।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि “माँ भारती के प्रति श्रद्धा और बाबा भोलेनाथ के प्रति आस्था हमारी शक्ति है। एक हाथ में तिरंगा और दूसरे हाथ में धर्म ध्वजा हमारी भारतीय संस्कृति और धार्मिक चेतना का प्रतीक है।”
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को यात्रा के अंतिम दिन बोड़ला से भोरमदेव पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगलकामना की जाएगी। विधायक ने कबीरधाम जिले के शिवभक्तों से भोरमदेव पहुंचकर जलाभिषेक में सहभागी बनने की अपील की।
A.d..






