कबीरधाम में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा, हजारों नागरिक हुए शामिल
सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत 2047 का दिया संदेश; विजय शर्मा बोले—संकल्प मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है

कवर्धा, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कबीरधाम जिले में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा में जिले के हजारों नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।
सेवा ज्योति यात्रा से पहले शासकीय पीजी कॉलेज के डोम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन को उपस्थित लोगों ने सुना।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
निर्धारित मार्ग से सेवा ज्योति चौक पहुंची यात्रा
कार्यक्रम के बाद सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सेवा ज्योति चौक पहुंची। इस दौरान नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। यात्रा के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को जनसेवा एवं विकास कार्यों से जोड़ने का संदेश दिया गया।

विजय शर्मा बोले—संकल्प को धरातल पर उतारना जरूरी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के मुखिया के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन का मूल उद्देश्य जनता की सेवा करना है। संकल्प लेना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे धरातल पर उतारना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
विजय शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र बने, तब छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़, कबीरधाम विकसित कबीरधाम और कवर्धा विकसित कवर्धा बने, यह सभी का संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़ा हो सकता है और रास्ता कठिन, लेकिन मजबूत संकल्प के साथ मंजिल हासिल की जा सकती है।
विकसित भारत 2047 को बताया बड़ा लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में कहा कि हिंसा की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और बंदूक की जगह शिक्षा, रोजगार एवं अवसर पहुंचना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विकास से जुड़े विभिन्न निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने पिछले वर्षों में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि कवर्धा, कबीरधाम और छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मोना सेन ने सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता का किया आह्वान
फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने नागरिकों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज से जुड़ना, जरूरतमंदों तक पहुंचना और जनसेवा को मजबूत करना है। उन्होंने आवास, शौचालय, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
भावना बोहरा बोलीं—सेवा को उत्सव और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाएं
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए नागरिकों से विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा सेतु, रंगोली, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उनका कहना था कि “सेवा को उत्सव बनाइए और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाइए” अभियान की मूल भावना है।
भावना बोहरा ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प में कवर्धा और छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नागरिकों से कवर्धा और छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने विकसित भारत 2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राज्य पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, बीरेन्द्र साहू, गंगाबाई लोकचन्द साहू, राजेश्वरी महेंद्र धृतलहरे, जनपद अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, गणेश तिवारी, नंदनी साहू, बोड़ला जनपद अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नंद श्रीवास, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664




