दामापुर में उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय का शुभारंभ, ₹46.96 लाख के विकास कार्यों की सौगात
विधायक भावना बोहरा ने किया कार्यालय का उद्घाटन, हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष और आदिवासी बालक आश्रम भवन सहित विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

पंडरिया/कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम दामापुर में उप तहसील कार्यालय (लिंक कोर्ट) का शुभारंभ किया गया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधिवत कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने कुल 46 लाख 96 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी।
उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय शुरू होने से दामापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों तक जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। अब नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, भूमि अभिलेख और राजस्व प्रकरणों से जुड़े कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्रामीणों को घर के नजदीक मिलेंगी प्रशासनिक सुविधाएं
कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को राजस्व प्रकरणों की सुनवाई और प्रशासनिक कार्यों के निराकरण में सहूलियत मिलेगी। इससे ग्रामीणों के समय, धन और श्रम की बचत होगी। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संपर्क भी बेहतर हो सकेगा।
46.96 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें शामिल हैं—
- हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण।
- आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन।
- रंगमंच का लोकार्पण।
- सामुदायिक भवन का लोकार्पण।
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण का भूमिपूजन।
- सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन।
इन कार्यों के पूर्ण होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आदिवासी विद्यार्थियों को आवासीय सुविधाएं तथा ग्रामीणों को सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं सीसी रोड और स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण से स्थानीय सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

विकास और जनसुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता: भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में विकास के साथ जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। दामापुर में उप तहसील कार्यालय की शुरुआत क्षेत्र के ग्रामीणों को उनके नजदीक प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को छोटे-छोटे राजस्व कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सरलता से पहुंचाना उनका उद्देश्य है।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण, शहरी और वनांचल क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे, इसके लिए प्रयास जारी रहेंगे।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664



