कबीरधामछत्तीसगढ़

महंगाई से आम जनता बेहाल, किसानों और पटवारियों की मांगों पर सरकार बेपरवाह: चोवाराम साहू

महंगाई से आम जनता बेहाल, किसानों और पटवारियों की मांगों पर सरकार बेपरवाह: चोवाराम साहू

किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिलने और पटवारियों की हड़ताल से बढ़ी परेशानी, सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी का लगाया आरोप

कवर्धा। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, किसानों की लंबित मांगों और पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कवर्धा कृषि उपज मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष चोवाराम साहू ने भाजपा सरकार पर आम जनता, किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

जारी बयान में चोवाराम साहू ने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य तेल, शक्कर, दाल, चावल, गेहूं सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और यात्री किराये का बोझ भी आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

किसानों की मांगें लंबित, फसल नुकसान के मुआवजे की मांग

चोवाराम साहू ने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। हाल ही में किसानों के आंदोलन के बाद सरकार ने कुछ मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया, लेकिन कई मांगें अब भी लंबित हैं।

उन्होंने हाल ही में आए अर्बन तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभावित किसान फसल क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। लेकिन पटवारियों की हड़ताल के कारण सर्वे और राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ रही है।

पटवारियों की हड़ताल से आम लोग भी परेशान

साहू ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पटवारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान निकालने की मांग की।

सरकार पर लगाया जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप

चोवाराम साहू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, किसानों की समस्याओं और कर्मचारियों की मांगों को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। एक ओर किसान फसल नुकसान के मुआवजे के लिए परेशान हैं, दूसरी ओर पटवारी हड़ताल पर हैं और आम जनता महंगाई का सामना कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। साहू ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार की उदासीनता से प्रदेश के विभिन्न वर्गों में नाराजगी बढ़ रही है।

रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page