पंडरिया में तीज की उमंग, 8 हजार से अधिक महिलाओं ने विधायक भावना बोहरा संग मनाया तीज मिलन समारोह कार्यक्रम
पंडरिया। तीजा पर्व के अवसर पर पंडरिया में मातृशक्ति का भव्य संगम देखने को मिला। पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा 10 सितंबर को पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित तीज मिलन समारोह में विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विशेषकर महिलाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया
कार्यक्रम में महिलाओं ने लोकगीत, पारंपरिक साज-सज्जा, तीज की मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजन के दौरान तीज क्वीन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेता एवं उपविजेता को विधायक भावना बोहरा ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तीज हमारी संस्कृति की जीवंत परंपरा है, जिसमें आस्था, पारिवारिक मूल्यों, प्रेम और नारी शक्ति का सुंदर संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा की माताओं-बहनों ने जिस उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की, उससे यह आयोजन भव्य और यादगार बन गया।

भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज केवल परंपराओं की संवाहक नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों की जानकारी दी।

विधायक ने कार्यक्रम में शामिल सभी माताओं-बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंडरिया की नारी शक्ति की ऊर्जा, प्रतिभा और सहभागिता क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। आने वाले समय में भी महिलाओं को मंच देने और उनकी प्रतिभा को सम्मानित करने के प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों की मंडल अध्यक्ष, महिला जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित 8 हजार से अधिक माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।
खिलेश्वर सिन्हा
8889540664
KT CHHATTISGARH NEWS




