ऋषि-मुनियों की अमूल्य विरासत है योग, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

कवर्धा, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम पीजी कॉलेज डोम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों की अमूल्य विरासत है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। योग न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मन को भी स्वस्थ एवं संतुलित बनाता है।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विश्व के 170 से अधिक देशों का समर्थन प्राप्त है और आज पूरी दुनिया योग को स्वस्थ जीवनशैली के रूप में अपना रही है।
कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री बिसेसर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक श्री सुरेश चंद्रवंशी एवं अन्य प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, भुजंगासन, प्राणायाम सहित विभिन्न योगासन एवं उनके लाभों की जानकारी दी। ध्यान एवं प्रार्थना के साथ योग सत्र का समापन हुआ।




