बाबा बुढ़ामहादेव से भोरमदेव तक निकलेगी भव्य शिवभक्ति पदयात्रा, 3 अगस्त को गूंजेगा हर-हर महादेव

कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को बाबा बुढ़ामहादेव मंदिर से ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर तक विशाल शिवभक्ति पदयात्रा निकाली जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर मातृशक्तियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा भाजपा महिला मोर्चा एवं महिला शहर मंडल की पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता का आह्वान किया।

बैठक में पदयात्रा को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी से अपने-अपने वार्डों में संपर्क कर महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को पदयात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पदयात्रा मार्ग तथा भोरमदेव मंदिर परिसर में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे कवर्धा शहर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की सामूहिक प्रार्थना का माध्यम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भक्तिभाव के साथ पदयात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान अमरकंटक से लाए गए मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोरमदेव का महाअभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर नगर और जिले की समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि श्रावण माह में आयोजित यह पदयात्रा धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन है और सभी के सहयोग से इसे सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। पदयात्रा के दौरान पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।




