कवर्धा में 2.628 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, 1.35 लाख का मशरूका जब्त
सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, गांजा बिक्री की रकम और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी बरामद

कबीरधाम पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कांपा में एक महिला को गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 2.628 किलोग्राम गांजा, गांजा बिक्री की रकम और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित कुल करीब 1,35,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देश में की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कांपा में गिरधारी यादव के आवासीय मकान के पीछे बाड़ी में शौचालय के समीप गांजा रखा गया है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई की।
गोबर कंडे में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस कार्रवाई के दौरान तितरी बाई यादव, पति गिरधारी यादव, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम कांपा, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम के कब्जे से कंडे में छिपाकर रखे खाकी रंग के दो पैकेट और नीले रंग के कपड़े के थैले में रखा कुल 2.628 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 10,000 रुपये नगद और गांजा तौलने में इस्तेमाल की जाने वाली 10 किलोग्राम क्षमता की इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की।
पुलिस के मुताबिक गांजा, नगद राशि और अन्य जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1,35,000 रुपये आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपिया के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
—
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
मो. 8889540664
KT CHHATTISGARH NEWS





