कबीरधाम में 10 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों ने नए पक्के घरों में किया गृह प्रवेश
पांच महीने में प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हुए आवास
कवर्धा, कबीरधाम जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए शुक्रवार का दिन खुशियों और सम्मान का अवसर बन गया। जिले के 10,192 आवासहीन ग्रामीण परिवारों को अपना पक्का घर मिल गया। परिवारों ने नए आशियाने में गृह प्रवेश कर अपने सपनों के घर में प्रवेश किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से 11 सितंबर 2026 तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 8,965, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत 1,065 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 162 आवास पूर्ण किए गए हैं। इस तरह जिले में कुल 10,192 आवास पूर्ण हुए हैं।
पक्का आवास मिलने से ग्रामीण परिवारों को कच्चे मकानों में मौसम के कारण होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिली है। साथ ही उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास मिलने से सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ने के साथ जीवन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला शक्ति के ग्राम जेठा में प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पूर्ण आवासों के हितग्राहियों को चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया। इसी क्रम में कबीरधाम जिले में पूर्ण हुए 10,192 आवासों में हितग्राहियों ने परिवार सहित गृह प्रवेश किया।
गृह प्रवेश के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवास हितग्राहियों को श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पांच महीने में 10,192 आवास पूर्ण कराना चुनौतीपूर्ण कार्य: कलेक्टर तुलिका प्रजापति
कलेक्टर कबीरधाम श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि जिले के 10,192 आवासहीन परिवारों को उनका पक्का घर मिल गया है। उन्होंने कहा कि महज पांच महीने की अवधि में इतने बड़े स्तर पर आवास निर्माण कराना चुनौतीपूर्ण था। इसके लिए जिला प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार कर लगातार निगरानी और समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि साप्ताहिक समीक्षा बैठकें, मैदानी कर्मचारियों के नियमित फील्ड विजिट तथा हितग्राहियों के साथ चौपाल और बैठकों के माध्यम से आवास निर्माण को जल्द पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और वनांचल क्षेत्र के पीएम जनमन आवास हितग्राहियों से लेकर मैदानी क्षेत्र के प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों तक गृह प्रवेश की खुशियां पहुंचीं।
शासन की योजनाएं समाज के अंतिम छोर तक पहुंच रहीं: अभिषेक अग्रवाल
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि अपना पक्का घर बनाना हर परिवार का सपना होता है। शासन से मिली सहायता से जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों का यह सपना पूरा हुआ है।
उन्होंने बताया कि आवास निर्माण के दौरान ग्रामीण परिवारों को विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 90 से 95 दिवस का रोजगार भी मिला। इसके लिए प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 24 हजार से 27 हजार रुपये तक मजदूरी भुगतान प्राप्त हुआ, जो उनके लिए आर्थिक संबल बना।
उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को शासन की अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ उन्हें आजीविका के साधनों से भी जोड़ा जा रहा है। डबरी, कूप निर्माण, निजी डबरी और पशुशेड जैसे कार्यों से ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। इससे जल संरक्षण, सिंचाई सुविधा के विस्तार और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
पक्के आवास से बदली ग्रामीण परिवारों की तस्वीर
पक्के आवास का निर्माण पूर्ण होने से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध हुआ है। इससे उनके जीवन में स्थायित्व और सकारात्मक बदलाव आया है।
आवास के साथ हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए अभिसरण के माध्यम से आजीविका गतिविधियों का लाभ दिलाया जा रहा है। पात्र परिवारों को रोजगार, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय, बिजली, स्वच्छ पेयजल, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।
इस पहल से ग्रामीण परिवारों को आवास के साथ रोजगार, आजीविका, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
—
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT CHHATTISGARH NEWS
मो. 8889540664





