विधायक भावना बोहरा ने सड़क और नवीन विश्राम गृह का किया भूमिपूजन, ₹4.12 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं अधोसंरचना विकास को लेकर एक और महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत हुई। विधायक भावना बोहरा ने ग्राम करपीकला में ₹2 करोड़ 75 लाख 41 हजार की लागत से दामापुर-बरेजहा-भरेवापारा-करपी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं पंडरिया में ₹1 करोड़ 37 लाख 54 हजार की लागत से बनने वाले नवीन विश्राम गृह का भी भूमिपूजन किया गया।

दोनों कार्यों की कुल लागत ₹4 करोड़ 12 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद दामापुर, बरेजहा, भरेवापारा और करपी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिए आने-जाने में होने वाली परेशानी और समय में कमी आएगी।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्य उनकी प्राथमिकताओं में हैं। दामापुर-बरेजहा-भरेवापारा-करपी सड़क क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क, मजबूत अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद पंडरिया विधानसभा के नगर, गांव और वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। उनके अनुसार क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, आवास, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पंडरिया विधानसभा में विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों को गति मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों, सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना सहित कई योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार करते हुए पंडरिया विधानसभा को समृद्ध और विकसित बनाने का प्रयास जारी रहेगा।
रिपोर्ट- खिलेश्वर सिन्हा
KT CHHATTISGARH NEWS
8889540664





