कबीरधामछत्तीसगढ़

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने रचा इतिहास, लगातार दो वर्षों के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया श्रेणी में नेशनल एफिशिएंसी अवॉर्ड से सम्मानित

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने रचा इतिहास, लगातार दो वर्षों के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

 

हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया श्रेणी में नेशनल एफिशिएंसी अवॉर्ड से सम्मानित

कवर्धा, भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कारखाने को वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए “हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया” श्रेणी में नेशनल एफिशिएंसी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।

 

छत्तीसगढ़ के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य में पहली बार किसी सहकारी शक्कर कारखाने को इस श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार मिला है।


दिल्ली में हुआ राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह

नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, 15 जनपथ में नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन द्वारा वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए नेशनल एफिशिएंसी अवॉर्ड समारोह आयोजित किया गया।

 

समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर सहित विभिन्न राज्यों के सहकारिता मंत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप भी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

 

इस दौरान भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना को लगातार दो वर्षों के लिए हाईएस्ट शुगर रिकवरी का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

कारखाने की ओर से यह पुरस्कार आयुक्त सहकारिता छत्तीसगढ़ रमेश शर्मा, सहकारिता विभाग के ओएसडी युगल किशोर, कारखाने के प्रबंध संचालक, महाप्रबंधक एवं इंजीनियर द्वारा संयुक्त रूप से ग्रहण किया गया।


किसानों और कर्मचारियों को दिया गया श्रेय

राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों, गन्ना उत्पादक किसानों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

 

उन्होंने इस उपलब्धि को किसानों और कारखाने से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।


करीब 5 हजार नए गन्ना किसान कारखाने से जुड़े

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने की प्रमुख उपलब्धियों में करीब 5 हजार नए गन्ना उत्पादक किसानों को कारखाने की सदस्यता देना भी शामिल है।

 

लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए कारखाने में गन्ना आपूर्ति करने वाले नए किसानों को शेयर प्रदान कर सहकारी व्यवस्था से जोड़ा गया है।


शेयरधारक किसानों को रियायती दर पर शक्कर

कारखाने द्वारा शेयरधारक किसानों को लगातार तीसरे वर्ष रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।

 

योजना के तहत शेयरधारक किसानों को 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 50 किलोग्राम शक्कर उपलब्ध कराई जाती है।

 

प्रेसमड से किसानों को जैविक खाद का लाभ

गन्ना किसानों को जैविक खाद के रूप में उपयोग के लिए कारखाने से निकलने वाला प्रेसमड भी रियायती दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

शेयरधारक किसानों को 1,000 रुपये प्रति ट्रैक्टर की रियायती दर पर प्रेसमड उपलब्ध कराया जाता है।

 

किसानों को आधुनिक खेती का प्रशिक्षण

गन्ना किसानों को आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों की जानकारी देने के लिए कारखाने द्वारा शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

किसानों को उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं गुजरात जैसे प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में अध्ययन एवं प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। किसानों को गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ, वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट पुणे और कृषि विज्ञान केंद्र बारामती जैसे संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया गया।

 

1 हजार एकड़ में उन्नत गन्ना प्रजातियों का रोपण

गन्ने की उत्पादकता एवं गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से कारखाने द्वारा उन्नत प्रजातियों के गन्ना बीज एवं पौध किसानों को रियायती दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

 

इस वर्ष करीब 1,000 एकड़ क्षेत्र में नई एवं उन्नत प्रजातियों के गन्ने का रोपण कराया गया है। इसके अलावा कारखाना परिसर की अतिरिक्त भूमि में लगभग 10 एकड़ में डेमोंस्ट्रेशन प्लॉट विकसित किए गए हैं।

 

इन प्लॉटों के माध्यम से किसान उन्नत गन्ना प्रजातियों के उत्पादन और परिणामों को प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे।

 

श्रमिकों के लिए 5 रुपये में गर्म भोजन

कारखाने के कर्मचारियों एवं श्रमिकों के कल्याण के लिए भी विभिन्न पहल की गई हैं।

श्रम विभाग के सहयोग से कारखाना परिसर में मुख्यमंत्री श्रम अन्न योजना के अंतर्गत कैंटीन स्थापित की गई है। यहां श्रमिकों को मात्र 5 रुपये प्रति थाली की दर से गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

 

इसके अलावा कर्मचारियों एवं श्रमिकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए हेल्थ चेकअप कैंप सहित अन्य कल्याणकारी गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।

 

राष्ट्रीय सम्मान से किसानों और कर्मचारियों में उत्साह

लगातार दो वर्षों के लिए हाईएस्ट शुगर रिकवरी का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना से जुड़े गन्ना उत्पादक किसानों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

 

यह उपलब्धि न केवल भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना बल्कि कबीरधाम जिले और छत्तीसगढ़ के सहकारी शक्कर उद्योग के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

 

KT CHHATTISGARH NEWS

खिलेश्वर सिन्हा

8889540664

कबीरधाम की हर खबर, सबसे पहले

KT Chhattisgarh News

खिलेश्वर सिन्हा KT CHHATTISGARH NEWS के संस्थापक एवं संपादक हैं। वे कवर्धा एवं कबीरधाम सहित छत्तीसगढ़ की स्थानीय, सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाते हैं। KT CHHATTISGARH NEWS का उद्देश्य विश्वसनीय, निष्पक्ष और त्वरित समाचार उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page