कवर्धा में 54 करोड़ की लागत से बनेगी 4 लेन सड़क, 24 सितंबर को होगा भूमिपूजन

विजय शर्मा और अरुण साव करेंगे 7.8 किलोमीटर फोरलेन सड़क एवं डिवाइडर निर्माण का भूमिपूजन, शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
कवर्धा, जिला मुख्यालय कवर्धा में यातायात व्यवस्था और शहर के विकास को गति देने वाली महत्वपूर्ण 4 लेन सड़क एवं डिवाइडर निर्माण परियोजना का भूमिपूजन 24 सितंबर को किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव कृषि उपज मंडी परिसर, कबीरधाम में आयोजित समारोह में इस परियोजना का भूमिपूजन करेंगे।
लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के किलोमीटर 50 से 57 तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क का फोरलेन उन्नयन एवं डिवाइडर निर्माण किया जाएगा।
रायपुर से बिलासपुर मार्ग तक होगा फोरलेन
प्रस्तावित फोरलेन सड़क रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक बनाई जाएगी। यह सड़क चंद्रयान हॉस्पिटल से होते हुए कवर्धा शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरते हुए जोराताल के आगे तक जाएगी।
परियोजना पूरी होने के बाद शहर में आवागमन को बेहतर बनाने के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ शहर की व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलेगी।
कवर्धा की पहचान के अनुरूप बनेंगे प्रवेश द्वार
4 लेन सड़क परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। इन प्रवेश द्वारों को कवर्धा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और धर्मनगरी के स्वरूप के अनुरूप विकसित किए जाने की योजना है।
प्रवेश द्वार और डिवाइडर निर्माण से शहर की सुंदरता में भी इजाफा होने की बात कही गई है।

भूमिपूजन समारोह में जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
24 सितंबर को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित भूमिपूजन समारोह में कवर्धा सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शहर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण परियोजना
प्रस्तावित 4 लेन सड़क निर्माण को कवर्धा की सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था, शहर की सुंदरता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शहर में आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664




