कवर्धा में 4.30 करोड़ रुपये के वित्तीय गबन का मामला, विद्युत वितरण कंपनी का कर्मचारी मनोज साहू गिरफ्तार
रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच राशि बैंक खाते में जमा नहीं करने का आरोप, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
कवर्धा/पिपरिया। कबीरधाम जिले में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो केंद्रों से जुड़े करीब 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के वित्तीय गबन के मामले में पिपरिया पुलिस ने आरोपी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थापना के दौरान कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कर वित्तीय अनियमितता और गबन करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रवेली केंद्र में 3.17 करोड़ रुपये की राशि जमा नहीं करने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता सुनील कुमार गुप्ता ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कंपनी में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ कर्मचारी मनोज साहू की विद्युत वितरण केंद्र रवेली में पदस्थापना के दौरान वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कुल 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये बैंक खाते में जमा नहीं किए गए।
शिकायत के आधार पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 421, 467, 468, 471, 477 एवं 409 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मरका केंद्र में भी 1.12 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता
विवेचना के दौरान विद्युत वितरण केंद्र मरका के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के अनुसार, आरोपी मनोज साहू द्वारा मरका केंद्र में पदस्थापना एवं प्रभार के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई।
इस तरह रवेली और मरका दोनों विद्युत वितरण केंद्रों से संबंधित मामलों में कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की राशि का वित्तीय गबन किए जाने का मामला सामने आया।
पूछताछ के बाद गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल एवं अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के नेतृत्व में जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गबन संबंधी कृत्य स्वीकार किए, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन तिवारी एवं थाना पिपरिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664




