‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ से विद्यार्थियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान
पंडरिया में विधायक भावना बोहरा ने साइंस पाठशाला की कार्यशाला का किया अवलोकन, छात्रों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह
पंडरिया। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ विद्यार्थियों के लिए सीखने और प्रयोग का नया माध्यम बन रही है। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, पंडरिया में आयोजित कार्यशाला का विधायक भावना बोहरा ने अवलोकन किया और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं, रुचियों और भविष्य के सपनों को जाना।
विधायक ने विद्यार्थियों की सीखने की ललक और उत्सुकता का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लगातार नई चीजें सीखने और अपने सपनों को बड़ा रखने के लिए प्रेरित किया गया।

AI से लेकर ड्रोन और रोबोटिक्स तक मिलेगा प्रैक्टिकल अनुभव
‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन एवं एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, 3D प्रिंटिंग, STEM, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ऑगमेंटेड रियलिटी एवं वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव दिया जा रहा है।
बस में संचालित इस पहल के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के शासकीय एवं सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा पहुंचाने की योजना है।

हर साल 5 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी शिक्षा के बीच तकनीकी अंतर को कम करना तथा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इसके माध्यम से हर वर्ष करीब 5,000 विद्यार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रयोग, अनुभव और नवाचार के माध्यम से विज्ञान को समझाने पर जोर दिया जा रहा है।
‘सरकारी स्कूल का बच्चा भी बड़ा सपना देखे’
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा और सपनों की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षा और पर्याप्त अवसर देने की है।
उन्होंने कहा कि कोई बच्चा इसलिए छोटा सपना न देखे क्योंकि वह सरकारी स्कूल में पढ़ता है या उसके पास आधुनिक संसाधनों की कमी है। ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से बच्चों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार की दुनिया से जोड़ने तथा उनकी जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले भारत की नई शक्ति हैं। ड्रोन, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग और अन्य तकनीकों के माध्यम से बच्चों को प्रयोग और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

बेटियों की शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक विषेश पहल
विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में संचालित अन्य पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा की बेटियों के लिए 10 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे 1,500 से अधिक बेटियों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
इसके अलावा ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग सेंटर’ के माध्यम से युवाओं को अपने घर और गांव के पास प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़कर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

रिपोर्ट : KHILESHWAR SINHA
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664




