मार्शल आर्ट से युवा बनेंगे आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी – डॉ. वीरेन्द्र साहू
प्रथम छत्तीसगढ़ गोल्ड कप राज्यस्तरीय पेनचक सिलाट चैंपियनशिप का भव्य समापन, प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा।
कवर्धा | 23 नवंबर 2026

कवर्धा। कबीरधाम जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में आत्मरक्षा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित प्रथम छत्तीसगढ़ गोल्ड कप राज्यस्तरीय पेनचक सिलाट (मार्शल आर्ट) चैंपियनशिप का 22 नवंबर को भव्य समापन हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत कबीरधाम के सभापति डॉ. वीरेन्द्र साहू शामिल हुए। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करने का माध्यम है। मार्शल आर्ट युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ आत्मरक्षा के लिए भी सक्षम बनाता है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी भी जरूरी है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर प्रयास और संघर्ष करना ही वास्तविक सफलता है। प्रदेश के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है। उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं।
21 एवं 22 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन कबीरधाम पेनचक सिलाट एसोसिएशन द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोका पब्लिक के संस्थापक पवन जायसवाल ने की।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव शेख समीर, जिला अध्यक्ष रिंकेश वैष्णव, सचिव मनीष निषाद सहित प्रदेशभर से आए रेफरी, निर्णायक, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – KHILESHWAR SINHA
KT CHHATTISGARH NEWS संपर्क – 8889540664





