गौरकांपा से मोहतरा पहुंची 151 किमी कांवड़ यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

कवर्धा। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में निकली 151 किमी की कांवड़ पदयात्रा चौथे दिन गौरकांपा से मोहतरा पहुंची। 600 से अधिक कांवड़ियों ने “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ यात्रा जारी रखी।
चौथे दिन यात्रा की शुरुआत गौरकांपा स्थित शनिदेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुई। गौरकांपा, भरेवापारा, कलपी, समनापुर बांध, पुतकी, दलपुरवा, रमतला और मोहतरा में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा एवं महिला मोर्चा, सामाजिक व हिंदू संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।

बारिश और वनांचल के कठिन रास्तों के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह बरकरार रहा। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक पदयात्रा नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति, पर्यावरण और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि के संकल्प का आध्यात्मिक अभियान है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के पांचवें दिन कांवड़ यात्री ग्राम डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर माँ नर्मदा के जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे और प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की प्रार्थना करेंगे। इसके बाद यात्रा अंतिम पड़ाव भोरमदेव महादेव मंदिर की ओर बढ़ेगी, जहां जलाभिषेक के साथ 151 किमी की कांवड़ यात्रा का समापन होगा।





