प्रधानमंत्री जनमन आवास बना जुगरी बाई बैगा का सहारा, पक्के घर से बदली जिंदगी
कवर्धा, 06 मार्च 2026। शासन की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लाभ कबीरधाम जिले के बैगा समुदाय तक तेजी से पहुंच रहा है। विकासखंड पंडरिया के ग्राम पंचायत गांगपुर की हितग्राही श्रीमती जुगरी बाई बैगा का पक्के घर का सपना अब साकार हो गया है।
जुगरी बाई बैगा ने बताया कि पहले उनका सात सदस्यीय परिवार कच्चे झोपड़ीनुमा मकान में रहता था, जहां बरसात और मौसम के समय कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वर्ष 2023-24 में उन्हें प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत 2 लाख रुपये की स्वीकृति मिली। राशि चार किश्तों में सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई, जिससे उनका पक्का घर बनकर तैयार हो गया।
आवास निर्माण के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत उन्हें 95 दिनों का रोजगार भी मिला, जिससे 24,795 रुपये मजदूरी का अतिरिक्त लाभ प्राप्त हुआ।
अब चैन की नींद आती है – जुगरी बाई
जुगरी बाई बताती हैं कि पहले कच्चे घर में कई तरह की दिक्कतें थीं, लेकिन अब पक्का घर मिलने से उनकी सभी समस्याएं दूर हो गई हैं। अब पूरा परिवार सुरक्षित और सम्मान के साथ रह रहा है।
उन्होंने बताया कि आवास के साथ-साथ उन्हें शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ मिला है, जिनमें उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय, नल-जल योजना से पेयजल, सौभाग्य योजना से बिजली, महतारी वंदन योजना से प्रति माह 1000 रुपये, आयुष्मान कार्ड से स्वास्थ्य सुविधा और राशन कार्ड से सस्ते खाद्यान्न की सुविधा शामिल है।
4573 बैगा परिवारों ने मनाई पक्के घर की खुशियां
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। मैदानी कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आवास निर्माण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिले में अब तक 9625 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 4573 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें बैगा समुदाय के हजारों परिवार अब अपने पक्के घर में रहकर खुशहाल जीवन बिता रहे हैं।





