भैंसाओदार में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, विधायक भावना बोहरा ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

पंडरिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वनांचल ग्राम भैंसाओदार में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा क्षेत्र सहित वनांचल के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ आज विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की शानदार प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विधायक बोहरा ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब और एम्बुलेंस सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पंडरिया विधानसभा के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




