कबीरधाम को ODF प्लस जिला बनाने अभियान तेज, ग्रामीणों को सोकपिट और कचरा प्रबंधन के लिए किया जा रहा जागरूक
कवर्धा | 09 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले को 2 अक्टूबर 2026 तक ओडीएफ प्लस (ODF Plus) जिला बनाने के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन ने स्वच्छता अभियान को तेज कर दिया है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की टीमें लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी देने के साथ-साथ प्रत्येक घर में सोकपिट और नाडेप टैंक निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल कचरा संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि घरों से निकलने वाले गंदे पानी के सुरक्षित निपटान के लिए सोकपिट निर्माण भी आवश्यक है।
अभियान के तहत मैदानी कर्मचारी घर-घर जाकर चार रंगों (हरा, नीला, लाल और काला) के कूड़ेदानों के उपयोग, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, वॉल पेंटिंग, नारा लेखन, महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकों तथा स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। साथ ही खुले में कचरा फेंकने पर ग्राम पंचायत द्वारा जुर्माने के प्रावधान, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों के नियमित उपयोग और रखरखाव की जानकारी भी दी जा रही है।
सीईओ श्री अग्रवाल ने बताया कि जिला प्रशासन ने सभी सरपंचों, सचिवों और स्व-सहायता समूहों से सामूहिक प्रयास कर 2 अक्टूबर 2026 तक कबीरधाम को ओडीएफ प्लस जिला बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ कबीरधाम का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।





