कबीरधाम को मिला नया पुलिस कप्तान, आईपीएस जितेंद्र कुमार यादव ने संभाला एसपी का पदभार

कवर्धा। कबीरधाम जिले को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। छत्तीसगढ़ शासन के आदेश के तहत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे बीजापुर जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, डीएसपी संजय ध्रुव, डीएसपी (मुख्यालय) आशीष शुक्ला सहित जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद एसपी यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, सिटी कोतवाली, नक्सल सेल, साइबर सेल एवं पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन, पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।





