भोरमदेव से शिवभक्ति का संदेश, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया UNA Music के पहले भक्ति गीत का विमोचन

कवर्धा/भोरमदेव। छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने UNA Media Network के म्यूजिक चैनल के प्रथम भक्ति गीत “चल पड़ी मैं कांवड़ लेकर” का विधिवत विमोचन एवं पोस्टर रिलीज किया।
यह भक्ति गीत विधायक भावना बोहरा की 151 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को समर्पित है। गीत में अमरकंटक से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर भोरमदेव महादेव तक की यात्रा, शिवभक्ति, आस्था, संघर्ष, संकल्प और सनातन परंपरा के प्रति समर्पण को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह गीत छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं में शिवभक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश भी प्रसारित करेगा।
UNA Media Network ने बताया कि “चल पड़ी मैं कांवड़ लेकर” केवल एक भक्ति गीत नहीं, बल्कि महिला शक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। यह गीत अब UNA Music चैनल पर शिवभक्तों और दर्शकों के लिए उपलब्ध है।





