अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ पदयात्रा करेंगी विधायक भावना बोहरा
10 अगस्त से शुरू होगी यात्रा, 300 से अधिक कांवड़ यात्री होंगे शामिल; 15 बैगा आदिवासी भी बनेंगे सहभागी

कवर्धा। सावन मास के पावन अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा एक बार फिर अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर से भोरमदेव महादेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा करेंगी। यात्रा की शुरुआत 10 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे मां नर्मदा मंदिर, अमरकंटक में पूजा-अर्चना के बाद होगी और 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा।
लगातार दूसरे वर्ष आयोजित होने वाली इस पदयात्रा में विधायक भावना बोहरा के साथ 300 से अधिक कांवड़ यात्री शामिल होंगे। इस वर्ष यात्रा को विशेष बनाते हुए वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी, जो मूल धर्म में वापसी कर चुके हैं, भी ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ पदयात्रा में सहभागी बनेंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पर्वतीय और दुर्गम रास्तों से गुजरते हुए मां नर्मदा का जल लेकर भोरमदेव पहुंचेंगे। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा भगवान भोलेनाथ के चरणों में समर्पित आध्यात्मिक साधना है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और प्रत्येक परिवार के सुख-शांति की कामना करने की बात कही।
विधायक द्वारा पिछले पांच वर्षों से अमरकंटक जाने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए 30 जुलाई से 24 अगस्त तक निःशुल्क भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भी की गई है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।
भावना बोहरा ने श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और क्षेत्रवासियों से इस पावन यात्रा में शामिल होकर सहयोग एवं आशीर्वाद प्रदान करने का आग्रह किया है।





