प्रधानमंत्री जनमन आवास से कलम सिंह बैगा को मिला पक्का घर, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत
रोजगार, महतारी वंदन, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं का भी मिला लाभ
कवर्धा, 10 अगस्त 2026। बोड़ला विकासखंड के ग्राम पंचायत मुड़धुसरी निवासी विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के श्री कलम सिंह बैगा के परिवार के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना आवास योजना उम्मीद और खुशियों की नई किरण लेकर आई है। वर्षों से कच्चे और जर्जर मकान में जीवन गुजार रहा उनका परिवार अब पक्के और सुरक्षित आवास में सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहा है।
कलम सिंह बैगा पिता गुहार सिंह बैगा कृषि एवं दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी के कारण उनके लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। बरसात के दिनों में कच्चे मकान की छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत हुए सर्वे में कलम सिंह बैगा का पात्र हितग्राही के रूप में चयन किया गया। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत उन्हें 2 लाख रुपये की आवास स्वीकृति मिली। यह राशि चार किश्तों में सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। प्रथम किश्त के रूप में 40 हजार रुपये प्राप्त होने के बाद ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारियों के सहयोग से आवास निर्माण शुरू हुआ। निर्माण की प्रगति के साथ द्वितीय, तृतीय और अंतिम किश्त की राशि भी खाते में अंतरित होती गई और देखते ही देखते उनका पक्का आशियाना तैयार हो गया।
आज कलम सिंह बैगा अपने परिवार के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में रह रहे हैं।
एक परिवार को मिली कई योजनाओं की सौगात
आवास योजना के साथ-साथ कलम सिंह बैगा के परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिला। अपना पक्का घर बनाने के लिए रोजगार गारंटी योजना के तहत 95 दिवस का रोजगार प्राप्त हुआ, जिसकी 24 हजार रुपये से अधिक की मजदूरी सीधे उनके बैंक खाते में पहुंची।
परिवार को प्रधानमंत्री सहज योजना के तहत बिजली कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत नल से शुद्ध पेयजल, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, राशन कार्ड के माध्यम से खाद्यान्न, तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन का लाभ भी मिला।
इसके अलावा परिवार की महिला सदस्य को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। विभिन्न योजनाओं के एक साथ लाभ मिलने से कलम सिंह बैगा और उनके परिवार की जीवन परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया है।
“मेरा जनमन आवास है मेरा अभिमान”
कलम सिंह बैगा ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आवास योजना ने उनके परिवार को केवल पक्का मकान ही नहीं दिया, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के साथ बेहतर भविष्य की उम्मीद भी दी है।
उन्होंने कहा कि सीमित आमदनी और महंगाई के दौर में अपने दम पर पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं था। सरकार की मदद से आज उनका अपना पक्का घर बन गया है। अब बरसात और मौसम की परेशानियों की चिंता नहीं है। परिवार नए घर में खुशी से रह रहा है और शासन की अन्य योजनाओं से घर की सुविधाओं में भी विस्तार हुआ है।
प्रधानमंत्री जनमन योजना का यह लाभ विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों के जीवन में आवासीय सुरक्षा के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की पहुंच और बेहतर जीवन की नई संभावनाओं को मजबूत कर रहा है।





