भावना बोहरा की 151 किमी कांवड़ यात्रा का भोरमदेव में भव्य समापन
कवर्धा। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में अमरकंटक के माँ नर्मदा मंदिर से शुरू हुई 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा का भोरमदेव मंदिर में भगवान भोरमदेव के जलाभिषेक के साथ भव्य समापन हुआ। विधायक भावना बोहरा के साथ करीब 600 कांवड़ यात्री यात्रा में शामिल रहे।
बोड़ला से अंतिम दिन निकली कांवड़ यात्रा सुकवापारा, जैताटोला, खैरबना खुर्द, घोंघा और चौरा होते हुए भोरमदेव पहुंची। यहां कांवड़ यात्रियों ने माँ नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

भोरमदेव पहुंचने पर हजारों श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा एवं हर-हर महादेव, बोल बम और भारत माता की जय के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में शिवभक्ति और राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं, बल्कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था, सनातन संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का संकल्प थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना करते हुए यात्रा में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अमले का आभार जताया।
समापन अवसर पर कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

देखें शानदार झलकियां 👍👍





