कबीरधाम में 11,591 ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार, 427 ग्राम पंचायतों में 1038 कार्य जारी
विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत ग्रामीणों को 125 दिन रोजगार का लक्ष्य, ₹300 प्रतिदिन मजदूरी का प्रावधान

कवर्धा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। जिले की 427 ग्राम पंचायतों में 1038 कार्य वर्तमान में जारी हैं, जिनके माध्यम से 11,591 ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है।
योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य करने वाले ग्रामीणों को ₹300 प्रतिदिन मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। इस हिसाब से 125 दिनों का रोजगार मिलने पर एक ग्रामीण परिवार को ₹37,500 तक मजदूरी प्राप्त हो सकती है।
रोजगार के साथ गांवों में बन रही स्थायी परिसंपत्तियां
योजना के तहत केवल रोजगार उपलब्ध कराने पर ही नहीं, बल्कि गांवों में ऐसी परिसंपत्तियों के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है, जिनसे ग्रामीणों की आजीविका को लंबे समय तक मजबूती मिल सके।
इसके तहत कंटूर ट्रेंच, आजीविका डबरी, नए तालाब निर्माण, पुराने तालाबों का गहरीकरण, पशु शेड, कूप निर्माण सहित जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़े कई कार्य किए जा रहे हैं।

इसके अलावा प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बालिकाओं के लिए सुविधायुक्त शौचालय निर्माण तथा मुक्तिधाम शेड निर्माण जैसे कार्य भी कराए जा रहे हैं।
समय पर रोजगार उपलब्ध कराने पर प्रशासन का जोर
कलेक्टर कबीरधाम श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए बड़ी संख्या में कार्यों की स्वीकृति पहले से की गई है। जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने और योजना के कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
रोजगार के साथ अतिरिक्त आय का जरिया
जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का रोजगार मिलने पर ₹37,500 तक मजदूरी प्राप्त हो सकती है।
उन्होंने बताया कि आजीविका डबरी, निजी डबरी, पशु शेड और कूप निर्माण जैसे कार्यों से ग्रामीणों को भविष्य में अतिरिक्त आय के अवसर भी मिल रहे हैं। इन परिसंपत्तियों के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने के साथ मछली पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
प्रदेश में तीसरे स्थान पर कबीरधाम
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में कबीरधाम जिला पूरे प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। सितंबर माह के मध्य में भी जिले की 427 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य लगातार जारी हैं और 11,500 से अधिक जरूरतमंद ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने और कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए मैदानी कर्मचारी लगातार गांवों का भ्रमण कर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिलने के साथ जल संरक्षण, सिंचाई, पशुपालन और मछली पालन जैसी गतिविधियों के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित होने से योजना को ग्रामीण आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
—
रिपोर्ट : KHILESHWAR SINHA
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664





