मरका सबस्टेशन में कर्मचारियों की कमी से विद्युत व्यवस्था चरमराई, किसान परेशान
मरका, 13 जून 2026।
मरका विद्युत उपकेंद्र (सबस्टेशन) में कर्मचारियों एवं कुशल ऑपरेटरों की भारी कमी के कारण क्षेत्र के किसान गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति एवं लापरवाही के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे कृषि कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि वर्तमान खरीफ सीजन में धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई के लिए नियमित बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है, लेकिन सबस्टेशन में पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण समय पर कृषि पंप चालू नहीं हो पा रहे हैं। परिणामस्वरूप खेतों में सिंचाई बाधित हो रही है और फसलों के नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती, कम वोल्टेज तथा तकनीकी फॉल्ट की समस्याएं भी बनी हुई हैं। किसानों के अनुसार किसी भी प्रकार की खराबी आने पर उसे सुधारने के लिए पर्याप्त तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहते, जिससे घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इसके कारण किसानों को मजबूरन डीजल पंपों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
स्थानीय किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मरका सबस्टेशन में तत्काल ऑपरेटरों एवं तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था को सुचारू नहीं किया गया तो क्षेत्र के किसान आंदोलन करने और सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।
(व्यास चंद्राकर) प्रेस विज्ञप्ति




