कवर्धा वनमंडल में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया AI प्रशिक्षण, ChatGPT और Gemini के उपयोग की मिली जानकारी
डिजिटल तकनीक से आसान होंगे विभागीय काम, वन एवं वन्यजीव संरक्षण में भी AI के उपयोग पर हुई चर्चा
कवर्धा। बदलते तकनीकी दौर में शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी और समयबद्ध बनाने की दिशा में कवर्धा वनमंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। वनमंडलाधिकारी के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी, कवर्धा के मार्गदर्शन में वनमंडल के क्षेत्रीय अधिकारियों, लिपिकों और कम्प्यूटर ऑपरेटरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं आधुनिक तकनीकी नवाचारों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में AI विशेषज्ञ श्री मोहित बघेल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कार्यप्रणाली और वर्तमान समय में इसकी बढ़ती उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ChatGPT, Google Gemini, Claude और NotebookLM जैसे आधुनिक AI टूल्स का परिचय देते हुए उनके व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन किया गया।
शासकीय कामकाज में AI के उपयोग की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि AI टूल्स की मदद से शासकीय पत्रों एवं प्रतिवेदनों का प्रारूप तैयार करने, दस्तावेजों का सारांश और विश्लेषण करने, हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद, डाटा प्रबंधन, एक्सेल शीट एवं PPT तैयार करने जैसे कार्यों को आसान बनाया जा सकता है। इसके अलावा उपलब्ध दस्तावेजों से महत्वपूर्ण जानकारियां निकालने और जटिल सूचनाओं को सरल एवं व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
विशेष रूप से NotebookLM के माध्यम से विभिन्न दस्तावेजों और संदर्भ सामग्री का विश्लेषण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की उपयोगिता बताई गई।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण में भी AI की संभावनाएं
प्रशिक्षण में वन विभाग के कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। वन एवं वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि प्रबंधन, जैव विविधता से जुड़े आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण, GIS आधारित मानचित्रों, रिमोट सेंसिंग डाटा तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की निगरानी में AI और तकनीकी नवाचारों की संभावनाओं से अवगत कराया गया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न AI टूल्स का स्वयं उपयोग कर व्यावहारिक अभ्यास करने का अवसर भी दिया गया।
डाटा सुरक्षा और तथ्यात्मक पुष्टि पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान AI से प्राप्त जानकारी की तथ्यात्मक पुष्टि करने, शासकीय गोपनीयता एवं डाटा सुरक्षा का ध्यान रखने और इन तकनीकों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
वनमंडल का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से विभागीय कार्यों में समय एवं श्रम की बचत होगी। साथ ही डाटा विश्लेषण की गुणवत्ता, निर्णय प्रक्रिया की प्रभावशीलता और शासकीय कार्यों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कवर्धा वनमंडल की यह पहल पारंपरिक कार्यप्रणाली के साथ आधुनिक तकनीकी नवाचारों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट — खिलेश्वर सिन्हा
KT छत्तीसगढ़ न्यूज
📞 8889540664





