भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर कवर्धा में जनजातीय गौरव महोत्सव का भव्य आयोजन
कवर्धा | 18 नवंबर 2026
सांसद संतोष पाण्डेय बोले – स्वाधीनता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय, विधायक भावना बोहरा ने कहा – जनजातीय समाज के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार प्रतिबद्ध।

कवर्धा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जनजातीय गौरव महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों ने देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

सांसद ने भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, शहीद गुंडाधुर, वीर नारायण सिंह और गैंद सिंह नायक के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। उन्होंने समाज के लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
समाज प्रमुखों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा एवं जनजातीय समाज के उत्थान में योगदान देने वाले समाज प्रमुखों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
वहीं जनजातीय कलाकारों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और वीर महापुरुषों के बलिदान को याद किया गया।
KT CHHATTISGARH NEWS
रिपोर्टर – KHILESHWAR SINHA
📞 88895406
64





