जन्मदिन पर भावना बोहरा को मिला जनआशीर्वाद, रणवीरपुर में उमड़ा हजारों लोगों का जनसैलाब
पंडरिया विधायक ने पौधारोपण, मंदिरों में पूजा-अर्चना और वृद्धजनों से मुलाकात कर मनाया जन्मदिन; रणवीरपुर में 10 हजार से अधिक लोगों ने दी शुभकामनाएं
कबीरधाम। पंडरिया विधायक भावना बोहरा का जन्मदिन सोमवार को क्षेत्र में जनआशीर्वाद और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही पंडरिया विधानसभा सहित कबीरधाम जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। उनके गृह ग्राम रणवीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही।

जन्मदिन की शुरुआत विधायक भावना बोहरा ने टीम हरीतिमा एवं भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के साथ कवर्धा में पौधारोपण कर की। इसके बाद उन्होंने मां महामाया, बूढ़ा महादेव एवं खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कवर्धा स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर उन्होंने वरिष्ठजनों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और फल वितरित कर आशीर्वाद लिया।
रणवीरपुर पहुंचने के दौरान विभिन्न स्थानों पर विधायक का कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यालय, उड़ियाखुर्द, सहसपुर लोहारा, सिल्हाटी मोड़, विचारपुर, सिंगारपुर, रणजीतपुर और जमुनिया सहित कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

रणवीरपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोग उत्साह के साथ झूमते नजर आए। इस अवसर पर भावना बोहरा ने ग्राम सेमरहा के बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया।

“जनता का आशीर्वाद मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी”
विधायक भावना बोहरा ने जन्मदिन पर मिले स्नेह और आशीर्वाद के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि हजारों लोगों का आशीर्वाद उनके लिए अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और जनता की सेवा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अपने कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए 10 निःशुल्क बस सेवाएं, बेहतर स्वास्थ्य के लिए 8 निःशुल्क एंबुलेंस एवं मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, भावना दीदी की साइंस पाठशाला तथा महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
1200 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का दावा
भावना बोहरा ने कहा कि विगत वर्षों में पंडरिया विधानसभा में लगभग 1200 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं और कई प्रगतिरत हैं। उन्होंने सुतियापाट जलाशय की नहर एवं पाइपलाइन विस्तार, हरिनाला पुल, पंडरिया एवं पांडातराई बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर एवं ऑडिटोरियम, व्यावसायिक परिसर, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण और सड़क निर्माण कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित में 300 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं और जल आवर्धन परियोजनाएं आकार ले रही हैं। वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क विस्तार, पेयजल व्यवस्था, विद्युत सुविधा तथा आदिवासी परिवारों के लिए आवास सहित विभिन्न विकास कार्य जारी हैं।
विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, सड़क, सिंचाई और जनसुविधाओं के क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।
“आपका आशीर्वाद आने वाले कल की जिम्मेदारी”

भावना बोहरा ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश एवं जिला संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों और पंडरिया विधानसभा के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद उनके लिए केवल आज की खुशी नहीं, बल्कि आने वाले कल की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर पंडरिया के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।





