कुकदूर पुलिस की पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 5 भैंस और पिकअप जब्त
कबीरधाम। पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुकदूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 भैंस सहित महेन्द्र बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अमलीटोला (बदना), कारीढाप रोड क्षेत्र में मवेशियों को पिकअप वाहन में बिना वैध दस्तावेज और पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कुकदूर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोककर जांच की, जिसमें 5 भैंस बरामद हुईं।

मामले में जोहन सिंह मरावी (35), हीरापन्ना बघेल (38) और दुबेन्द्र धृतलहरे (30) के खिलाफ थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 52/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने 5 भैंस की कीमत 1 लाख रुपये तथा महेन्द्र बोलेरो पिकअप वाहन की कीमत 9 लाख रुपये, कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, प्रधान आरक्षक संजू झारिया, आरक्षक दुजराम सिंद्राम, कृष्ण कुमार धुर्वे, पंचम बघेल, सुनील नायक एवं जगदीश मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने अवैध गतिविधियों और पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।




