कवर्धा में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई: खुले में कचरा फेंकने और प्रतिबंधित पॉलीथीन बेचने वालों पर जुर्माना
पुराने बस स्टैंड के सामने 9 लोगों पर कार्रवाई, पॉलीथीन भी जब्त

कवर्धा। शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने नगर पालिका द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथीन और खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका की टीम ने पुराने बस स्टैंड के सामने दुकानों में अचानक जांच की।
जांच के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग एवं बिक्री करने तथा खुले में कचरा फेंकने वाले 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। टीम ने कई दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलीथीन भी जब्त की।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णतः प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि कचरा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ियां सुबह-शाम घरों और दुकानों तक पहुंच रही हैं, इसलिए कचरा निर्धारित वाहन में ही दें।

नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





