कवर्धा की बेटी अनवेशा बोथरा ने रचा कीर्तिमान, गणित में 100 में 100 अंक
दसवीं बोर्ड में 95% अंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन
कवर्धा |
कबीरधाम जिले की होनहार छात्रा अनवेशा बोथरा ने कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। अनवेशा ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, वहीं गणित विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।
अनवेशा बोथरा, पिता सुचित बोथरा, अभ्युदय स्कूल कवर्धा की छात्रा हैं। उनकी इस सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और परिजन बेहद गौरवान्वित हैं। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने उनकी उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया है।
अनवेशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सकारात्मक माहौल को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और विषयों की गहरी समझ पर ध्यान देने से यह सफलता मिली।
उन्होंने कहा कि कठिन विषयों को समझने के लिए लगातार अभ्यास उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा रहा है। भविष्य में वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहती हैं।
अनवेशा की इस उपलब्धि ने जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया है। उनके परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता पूरे कबीरधाम जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।





